Tuesday, October 20, 2009


आप सभी को दीपावली की शुभकामनाएं ...पूरे साल ये दीप यूँ ही जगमगायें ... आप सब राम और रावणकी इस घुमक्कडी का मज़ा लें ...फ़िर आयेंगे ब्लॉग पर एक नई पोस्ट के साथ... रावण- प्रभु , आज आपने यह अति उत्तम किया जो मुझे भी अपने साथ प्रथ्वी भ्रमण पर ले आए ... आज तो वसुंधरा अत्यधिक जगमगा रही है ....प्रतीत होता है की किसी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है ... भ्रमण पर निकले तो देख भी लिया , वरना मै तो प्रत्येक दिवस की भांति स्वर्ग अप्सराओं के नृत्य गान और मदिरा पान में ही रत रहता
राम - तभी तो कहता हूँ रावण , थोड़ा भ्रमण भी किया करो ...सिंहासन पर बैठे बेठे , देखा नही तुम्हारा उदर ... वैसे भी तुम दस मुंह से भोजन करते हो , दशानन
रावण - ये क्या प्रभु ! नारद, ब्रम्हा यहाँ तक की स्वयं प्रभु महादेव भी अब तक मेरे उदर को देखकर व्यंग्य करते थे अब आपने भी मेरे साथ हास्य प्रारम्भ कर दिया ...अब मै कदापि आपके साथ भ्रमण को नही जाऊँगा
राम - नही नही , प्रिय रावण .... मै तो बस यूँ ही ...थोड़ा विनोद कर रहा था ...हाँ , तो तुमने प्रश्न किया था की प्रथविवासी किस उत्सव का आयोजन कर रहे हैं ....तो हे लंका पति , ये सब मेरे हेतु ही प्रायोजित है ...मेरे राज्याभिषेक की जयंती मनाकर ये लोग अपने कार्यालयों , एवं निवासों को दीपो से , आई मीन , चाइनीज झालरों से सजाते हैं ....
रावन - क्या ! आपके राज्य भिषेक की जयंती ....मेरे राज्याभिषेक पर तो कभी प्रजा ने ऐसा उत्सव नही मनाया ...
राम - क्या तुम्हे मेरे प्रति इर्ष्या की भावना उत्पन्न हो रही है
रावण - नहीं , इर्ष्या तो कदापि नही , परन्तु ....
राम - परन्तु क्या लंकेश ! मैंने तो तुम्हे सीता अपहरण के पहले ही आगाह किया था , पर , तुम तो फ़िर तुम हो .....
रावण - यह तो सत्य है प्रभु , परन्तु कल ही मैंने समाचार पत्र में एक स्त्री के अपहरण और बलात्कार का समाचार पढ़ा था और कल क्या ! ऐसी घटनाओं का विवरण में आए दिन प्रथ्वी लोक के समाचार पत्र में पढता ही रहता हूँ ...प्रथ्वी पर तो मनुष्य दैनिक न जाने कितने अपहरण करता है फ़िर उन्हें म्रत्यु दंड भी देता है ...मैंने तो मात्र एक अपहरण ही किया था , जानकी का , और उनकी इच्छा विरूद्व उनका स्पर्श भी नही किया था ....तदापि मैंने यह कुकृत्य आपसे , अपनी बहन सूर्पनखा का प्रतिशोध लेने के लिए किया था
राम - ( हँसते हुए ) जैसा भाई वैसी बहन ...एक करेला तो दूजा नीम चढा ...
रावण - क्या कुछ कहा आपने ?
राम - नहीं नहीं , कुछ भी तो नहीं , तुम आगे कहो ..क्या कह रहे थे ...?
रावण - जाने दीजिये , यह बताइए , की यहाँ , इस बड़ी सी इमारत में प्रकाश की चकाचौध और इसके सामने , वहाँ , कुटी जैसे दिखने वाले घर में अन्धकार ...ऐसा क्यूँ ? क्या आपके राज्य में भी ऐसा ही होता था ...? परन्तु मैंने स्वर्ग में तो ऐसा नही देखा ...
राम - यह मेरी नहीं , लक्ष्मी जी की माया है ...कहीं प्रकाश तो कहीं अन्धकार छाया है ...
रावण - तो अब ये प्रथ्वी वासी अब और क्या प्रायोजन करेंगे ...?
राम - करेंगे क्या.... तुम्हारा पुतला तो पहले ही दशहरे पर जला चुके हैं ....अब बस मेरे अयोध्या आगमन की खुशी में मिष्ठान वितरित करेंगे और रात्री को लक्ष्मी पूजन का आयोजन करेंगे
रावण - क्या प्रभु ...? मेरा पुतला जलाया ...मगर क्यूँ ...?
राम - क्यूंकि तुमने मर्यादायों का उलंघन किया , अतः तुम अधर्म के प्रतीक हुए अंततः तुम्हारी प्रतिमूर्ति बनाकर उस अधर्म का नाश करने हेतु उसे अग्नि में भस्म कर दिया
रावण - परन्तु मुझसे ज्यादा अधर्मी तो ये लोग हैं में तो महादेव जी के वरदान और अमृत कुंद प्राप्त करने से अभिमानी हो गया था
राम - उसी अभिमान का परिणाम तुम्हे भुगतना पड़ा
रावण - ( सोच में ) .....
राम - क्या सोच रहे हो ?
रावन - सोच रहा हूँ प्रभु , मेरे एक अभिमान का मुझे भयंकर परिणाम भुगतना पड़ा , फ़िर इन प्रथ्विवासियों के पास तो कोई वरदान या अमृत भी नहीं है , फ़िर इन्हे किस बात का अभिमान है ...?
राम - अभिमान है इन्हे अपनी बुद्धिमता का ...मनुष्य सोचता है कीइसका प्रयोग कर वह कुछ भी प्राप्त कर सकता है और रात दिन इसी उधेड़बुन में लगा रहता है यही नहीं , अपितु इनमे लोभ और परस्पर इर्ष्या भी निवास करती है ये नहीं जानते , जो ये कर रहे हैं , इसके कितने भयंकर परिणाम म्रत्युप्रांत भुगतने होंगे और म्रत्युप्रांत ही क्यूँ , इस जीवन में , इस लोक में भी ....
रावण - प्रभु , आपके दरबार में न्याय ही न्याय है आपकी जय हो
राम - वो देखो लंकेश ! चलते चलते तुम्हारी लंका आ गई
रावण - कहाँ प्रभु ! आह ...मेरी लंका ...मेरी प्यारी लंका ....
राम - जानते हो , आज भी लंका निवासी तुम्हारी पूजा करते है , यहाँ तुम्हारी प्रतिमूर्ति जलाई नही जाती , वरन पूजा होती है
रावण - ऐसा क्यूँ प्रभु !
राम - क्यूंकि तुम उस समय ज्ञानी राजा एवं महादेव के परम भक्त थे
रावण - नामामिमिशान निर्वान्रूपम
विभुं व्यापकं ब्रह्म वेदस्वरूपं
निजाम निर्गुणं निर्विकल्पं निरीहं
चिदाकाश्वासम भाजेयम
निराकार ओमकार मुलं तुरीयं
गिराज्ञान गोतित्मीषम गिरीशं
करालं महाकालं कृपालं
गुनागार संसारपारं नातोहम
अहोभाग्य प्रभु , आज आपके साथ भ्रमण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ ....बस चलते चलते एक समस्या का समाधान और कर दीजिये
राम - कैसी समस्या रावण ? कहो ....
रावण - यह जो पाठक हमारे वार्तालाप को पढ़ रहा है , उसके ह्रदय में एक पीड़ा रह रह कर उठ रही है
राम - कैसी पीड़ा दशानन ...?
रावण - यही की में पापी होने हे उपरांत भी स्वर्ग में कैसे ? आपने भी मुझे की एपवाली दीपावली की बस आप इस पाठक की समस्या का समाधान कर दीजिये
राम - हा..हा ...लें ... इस पाठक में अत्यधिक बुद्धि का समावेश है रावन ...इसे स्वयं ही सोचने दो ....मनुष्य के आगे सारे भेद खोलना उचित नहीं ...चलो हम प्रस्थान करें ...
रावण - चलिए प्रभु ....जैसा आप उचित समझें ....

Saturday, October 10, 2009

दीवाली



जाने क्यूँ लगा है मुझे
कि आज दीवाली है ...
फ़िर कोई राम यहाँ
शायद आने वाला है ...
जिसके लिए घर आँगन
अपनी अट्टालिकाओं पर
दीपमालाएं सजाकर
चहक उठे हैं ...
जिनकी राहों में
बिछे हैं फूल सुगंध ...
लोगों की आस भरी
पलकें बिछी हैं ...
ढह जाएँगी मगर
उमीदों की दीवारें तब ...
फ़िर भेष बदलकर
रावन खड़ा होगा जब ....

Monday, September 28, 2009

उस पार

सुनसान है जीवन की धारा
कौन लगाएगा किनारा
साँसों का उधार थी जिन्दगी
कब हमारी अपनी थी जिन्दगी
साँसों ने अवकाश लिया
उस पार जब किसी ने पुकारा
आमानत गिरवी थी पास मेरे
उसने वापस छुडा लिया
साँसों के दम पर मैंने
घरोंदा बनाया मिटटी का
घरोंदे से प्यार कर बैठे
साँसों को बिसरा दिया
खुशबूओं से सजा कर
मग्न रहती थी जिन्दगी
हर पल उम्मीद जगा कर
पल पल पग रखती जिन्दगी
हाथों की लकीरों में
किस्मत अधूरी मिली थी
दिल की धडकनों में
साँसें अधूरी मिली थी
तुम्हारे पास आते हैं
अब पूर्ण कर देना
क्षितिज दूर है मगर
मिलाप कर देना ....

Friday, September 18, 2009











जब तुमने छुआ था
होठों पे वो अहसास बाकी है

आंखों में तुम्हारी मुहब्बत का
नशा अभी बाकी है
ये सफर तनहा तय होता नहीं
रास्ता अभी बाकी है
ख्वाब में देखी थी जो
वो मुलाक़ात अभी बाकी है
जिस चांदनी में नहाये थे कभी
वो खुशबू अभी बाकी है
तुम्हारे आने से बिखरे थे जो
फिजाओं में वो रंग बाकी है
दिल पर तुम्हारी नज़रों का
जादू अभी बाकी है

Saturday, September 5, 2009

कुछ यूँ ही बैठे बैठे ....


वैसे तो भादों की पूर्णिमा के चाँद की सुन्दरता का ख़ास महत्त्व तो नहीं है फ़िर भी शायद पहली बार इस पूर्णिमा के चाँद को देखकर सुकून सा मिल रहा है ...सांवले आसमान में वो अकेला चाँद और उसके नीचे मैले से बादल की एक रेखा जो उसकी चांदनी से चमक रही है ...मानों किसी कविता की ख़ास पंक्तियों को अंडर लाइन कर दिया हो ....और इस गोल गोल चाँद से कुछ दूर पूरे आसमान में चमकता हुआ इकलौता तारा ....मेरी आंखों को क्यूँ खटक रहा है ...जलन हो रही है मुझे इससे ...ज्वार भाटा सा उठ रहा है ...वो उस चाँद के पास आने को बेताब नज़र आ रहा है ....जिस दिशा में चाँद में चाँद चलता जाता है वो सितारा भी उसके आकर्षण में बंधा साथ साथ चल रहा है ...कुछ कुछ उसे डर है चाँद को खोने का ...आकर्षण में तो मै भी बंध रही हूँ पर साथ साथ नहीं चल सकती हूँ ...और ये लो ...बादल की मैली सी पंक्तियाँ और उभर आयीं हैं और चाँद को अपनी कैद में ले रही हैं ...नहीं तुम ऐसा नहीं कर सकते ...क्या कुसूर है उस बेचारे का ...खोल दो ये हथकडियां ...और बंधन से मुक्त कर दो ...दिन भर की आग में तपे, जले , जाने कितने दिलों को ठंडक दे रहा होगा ...तुम्हे देखकर तो धरती की तृष्णा जाग्रत हो जाती है पर ये जो चाँद है न ...इसकी खुशबू दिलों को महका देती है ....तभी तो ये कितने ही कवियों की कल्पना का आधार बनता रहा है ....


तारों की भीड़ में

अमावास की पीर है जिन्दगी

मेरा चाँद आज फ़िर मुझसे रूठा है ...

ख्वाब सज़ा लेते पलकों पे

जिन्दगी रखती हाथों पे

अगर तुम मेरे साथ होते ...

Thursday, August 20, 2009

मौन


शब्द भीग गए हैं
भीग कर कुम्हला जायेंगे
फ़िर मुडे तुडे नोट की भांति
बाज़ार में चल नहीं पाएंगे
गले सडे शब्दों से तो
मौन ही अच्छा है
गूंजता है वीरानियों में
कहता है कुछ कानों में
रोम रोम में बस जाता है
व्याकुल आकुल मन को
रहत सामग्री दे जाता है
इन भीगे शब्दों से
सडांध सी आती है
फ़िर इन्हे कोई
सुन भी नहीं पायेगा
नाक कान रुमाल से ढांप कर
आगे बढ़ जाएगा
ये शब्द
कीचड में खिलने वाले
कमल नही
जो देवता पर चढ़ जायें
या स्वागत द्वार पर
तोरण बन सज जायें
भस्म कर दो इन शब्दों को
मौन की भाषा सच्ची है
हवन हो जायेंगे शब्द
समिधा में मिलकर
सुवासित होगा मौन
शून्य में धुंआ बनकर ....

Friday, August 14, 2009

फ़िर मुरली की तान सुना दो ....


लो , सांवरे का जन्मदिवस फ़िर आ गया ...नगर में , मंदिरों में फ़िर धूम होगी , झांकियां सजी होंगी , रौशनी की गूँज होगी , कृष्ण की मुरलिया होगी , और होंगी सबकी प्यारी , बानी ठानी , चंदन सुवासित , कान्हा के ह्रदय सिंहासन पर राज करने वाली , ब्रज कुमारी , अलबेली राधा रानी ....
देवकी नंदन के जन्म से पहले ही सारी मथुरा नगरी को ज्ञात हो गया था की अत्याचारी राजा कंस के आतंक से मुक्ति दिलाने वाला उनका तारनहार अब जन्म लेने ही वाला है ...मथुरा की प्रजा को प्रतीक्षा थी उस पल के आगमन की ....और प्रजा ही क्यों ...यमुना के किनारे रहने वाले ऋषि -मुनि , पशु पक्षी , अपने प्रवाह में मग्न यमुना , पृथ्वी गगन , मस्त चल में दिशारत पवन , वह मयूर जो अपना सौंदर्य उन पर न्यौछावर करने को आतुर , और वो मुरली जिसे सबका प्यारा ग्वाला अपने मधुर अधरों का स्पर्श देने वाला था ....

यमुना की तो खुशी का ठिकाना ही न था ....उमड़ उमड़ , उठ गिर लहरों से अपनी खुशी का प्रदर्शन कर रही थी ...प्रेम रस में भीगा हुआ अमृत सा यमुना जल बढ बढ़ कर कृष्ण को अपनी और आकर्षित करने का प्रयास कर रहा था ...उनके चरणों के एक स्पर्श को आतुर हर धारा अपने निर्दिष्ट की और जाना ही नहीं चाहती थी ....देवकीनंदन के मधुर रूप के दर्शन से तृप्त हुए बिना कैसे मथुरा को छोड़ कर जांए और ऊपर से ये सांवरे मेघ .... स्वयं को कान्हा के रंग में रंगे घुमड़ घुमड़ कर अपने प्रेम का प्रदर्शन करते , सारी मथुरा नगरी में प्रेम जल की रसधार बरसते ॥रात्री की कालिमा को और भी गहराते ..विभिन्न आकृतियों में रूप बदल बदल कर ह्रदय विस्मृत करते ...बंदीग्रह के रक्षक द्वारपालों की स्मृति को छिन् भिन्न करते ..उस मधुकर के स्वागत में नीर भरी पलकों से याचना करते ..यत्र तत्र सर्वत्र विराजित प्रतीक्षा रत थे .....
आनंद और आतुरता का अद्भुत संगम था ...यमुना उठ उठ कर श्याम मेघों को ह्रदय लगाती थी तो कृष्ण घन झुक झुक कर यमुना को स्पर्श कर अपनी प्रसन्नता का प्रदर्शन करते ...मेघ और यमुना दोनों नीर से भरे परन्तु अथाह क्षुधा से पीड़ित ....
सावन माह में कैलाश जाकर इन मेघों ने नीलकंठ की विष से उद्यत अग्नि को गंगा के साथ मिलकर शांत किया था ....इन्ही मेघों ने भाद्रपद मास में वन्मयुर के साथनृत्य उत्सव का प्रयोजन किया ....तब ही तो कान्हा के प्रिय मयूर ने उन्हें अपने लंबे , घने पंखों से रिझा लिया ....नित्य उनके केश सौंदर्य हेतु उन्हें इन्द्रधनुषी छठा लिए नीलाभ पंख प्रदान किया करते थे ....
भाद्रपद कृष्ण अष्टमी की मध्य रात्रि अभिजित नक्षत्र का योग और प्रभु के अवतरण की बेला ....बहार आकाश में दामिनी कड़क कर पहरेदारों को भयभीत कर अपनी कोठरियों में सोये रहने को विवश कर रही थी ...और अपनी चमक से वासुदेव के गोकुल गमन के मार्ग को प्रकाशित कर रही थी .....
यमुना ने प्रभु को अपनी और आते देखा तो पहले उनके चरणों का स्पर्श कर नमन किया ...और उनके मुख को देख तृप्त हो वासुदेव के प्रस्थान हेतु जल को दो भागों में विभाजित कर मार्ग प्रदान किया .... यमुना में आई बाढ़ और वर्षा थम गई ....जल के विभाजन से यमुना की चमकीली रेत दिखाई देने लगी ....मध्य में रेतीला मार्ग और दोनों और यमुना जल की प्रचंड दीवारें .....वासुदेव कृष्ण को उठाये उठाये हुए अग्रसर हुए .... ज्यूँ ज्यूँ वासुदेव आगे बढ़ते जाते ....आगे का मार्ग प्रदीप्त होता जाता ...तथा पीछे जल की दीवारें फ़िर जुड़कर , प्रभु को नमन कर अपने निर्दिष्ट की और बढती जाती ....
समस्त वातावरण में व्याप्त हुई निःशब्दता , शुन्यता को देखकर प्रतीत होता था की समस्त प्रकृति संरचना प्रभु की लीला को कंस से अज्ञात रखना चाहती हो ....
प्रातः की किरण एक नए सवेरे का संदेश लेकर सारी नगरी में उतरी ....सवेरे की इस किरण में मुरली की अद्भुत , मनमोहिनी तान सुनाई दे रही थी परन्तु बजा कौन रहा था , कोई नही जनता था ... नन्द बाबा सवेरे स्नान कर घर वापस आए तो देखा उनके घर उत्सव का आयोजन हो रहा है ...ग्वाल बाल उधम के साथ घोष कर रहे थे ....नन्द के घर आनंद भयो , जय कानहिया लाल की ...हाथी घोड़ा पालकी ....
बालक का मेघश्याम सा रूप देखकर मन ही मन मोहित होते नन्द ने बालक के सर पर नील्हारित मयूर पंख निर्मित मुकुट सजा कर उसे चूम लिया और बालक को नाम दिया ....श्री कृष्ण